News
27 Apr, 2026
12 घंटे बंद रहे 6 विद्युत उपकेंद्र, रायबरेली में बिजली कटौती से परेशान रही 400000 की आबादी
ऊंचाहार (रायबरेली)। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। शनिवार की देर रात अमांवा ट्रांसमिशन के 33 केवीए में खराबी आ गई। आरोप है कि विभाग के जिम्मेदार फाल्ट सही करने के बजाय सीयूजी नंबर बंद कर अपने-अपने आवास पर चले गए।
नतीजा शाम आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक समूचे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रही। उमस भरी गर्मी व मच्छरों के प्रकोप के बीच कस्बा से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने छतों व दरवाजे पर टहलकर रात बिताई। वहीं अघोषित बिजली कटौती के बीच लोगों का व्यापार चौपट हो रहा है। समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
आठ बजे अमावां का ट्रांसमिशन हुआ खराब
ऊंचाहार कस्बा, तहसील, जमुनापुर, इटौरा बुजुर्ग, रसूलपुर, रोहनिया उपकेंद्रों से क्षेत्र की करीब चार लाख आबादी को विद्युत आपूर्ति की जाती है। शनिवार की रात करीब आठ बजे अमावां स्थित ट्रांसमिशन में खराबी आ गई। कस्बा निवासी शाहिद उर्फ राजू, हीरालाल गुप्ता, संतोष कुमार, विनोद कुमार, अरसद नकवी, अतीस कुमार साहू, ओम प्रकाश साहू, जयकृष्ण जायसवाल ने बताया कि शनिवार की रात रात आठ बजे बिजली जाने के कुछ देर बाद इनवर्टर भी जवाब दे गए।
यह वीडियो भी देखें
Play
0:00 / 3:04
Settings
Enter fullscreen mode
उमस भरी गर्मी व मच्छरों के प्रकोप के बीच परिवार समेत छतों पर टहलकर रात बितानी पड़ी। बताया कि गर्मी बढ़ते ही बिजली पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है, आधा घंटा आपूर्ति के बाद तीन घंटे घंटे की रोस्टिंग व आपातकालीन कटौती हो जाती है। दिन रात मिलाकर कई बार में बमुश्किल चार से पांच घंटे की आपूर्ति मिल पा रही है।
12 घंटे बाद आई लाइट
शनिवार की रात तो हद हो गई, रात आठ बजे बिजली जाने के बाद रविवार सुबह आठ ही आपूर्ति बहाल हो सकी है। नींद पूरी न होने के चलते विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले लोगों समेत स्कूली बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गुलरिहा निवासी विजय कुमार तिवारी, सुरेश कुमार, शशिधर पांडे, चंद्रभूषण सिंह बघेल, रमापति पांडेय आदि का कहना है कि विभाग द्वारा घर-घर स्मार्ट मीटर लगा दिए गए।
इसके बाद भी समस्या बना हुआ है। यदि यही स्थिति रही तो कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। विद्युत वितरण खंड के सहायक अभियंता (एसडीओ) आशीष कुमार ने बताया कि अमावा स्थित ट्रांसमिशन में खराबी आने के कारण समस्या उत्पन्न हुई थी, फाल्ट सही कराकर समूचे क्षेत्र की आपूर्ति बहाल कराई गई है। निगम द्वारा आपातकालीन कटौती की जा रही है, जो आपूर्ति मिलती है, उसे सुचारु किया जाता है।